सिंगरौली विस्फोट की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश (लीड-1)
मालूम हो कि रविवार की रात को सिंगरौली के बैढन के करीब स्थित बलियरी औद्योगिक क्षेत्र में जबरदस्त विस्फोट हुआ था। इस हादसे में मारे गए 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक एक लाख और गंभीर रूप से घायल लोगों को 10-10 हजार तथा साधारण रूप से घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। चौहान ने राहत और बचाव कार्य पर नजर रखने के लिए जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को भेजा है।
सिंगरौली के बलियरी औद्योगिक क्षेत्र में बारूद फैक्ट्रियों में रविवार की रात सात बजे जबरदस्त विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट से पूरा इलाका थर्रा उठा और हर तरफ चीत्कार मच गई थी। इस विस्फोट में आइडियल एक्सप्लोसिव और राजस्थान एक्सप्लोसिव फैक्ट्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक अनुराग ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि इस हादसे में मारे गए 10 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं और 50 घायलों को विभिन्न चिकित्सालयों में उपचार के लिए भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जोर शोर से जारी है। हादसे की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है।
प्रत्यक्षदशिर्यों के मुताबिक विस्फोट के वक्त विभिन्न फैक्ट्रियों में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट होते ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और पूरा आसमान धुएं के गुबार से ढक गया। यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आधा दर्जन से अधिक फैक्ट्रियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और बड़ी संख्या में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद कुछ हिस्से में आग लग गई जिसे बुझाने में काफी वक्त लग गया। पूरी रात राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। अंधेरे ने राहत एवं बचाव कार्य पर असर भी डाला मगर सुबह होते ही मलबा हटाने का काम तेज हो गया है। आशंका है कि कुछ लोग मलबे में भी दबे हो सकते हैं। बारूद फैक्ट्री में विस्फोट कैसे हुआ इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications