रॉकेट हमले पर पाकिस्तान के जवाब का इंतजार
बीएसएफ ने इस घटना पर रविवार को पाकिस्तानी रेंजरों को सख्त आपत्ति दर्ज कराई थी। शनिवार की रात पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में तीन रॉकेट दागे गए थे।
हालांकि इन हमलों से भारतीय क्षेत्र में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन इनमें से दो गोले भारतीय सीमा के अंदर एक गांव के पास गिरे थे। डांडे गांव के एक निवासी ने इस हमले में खुद के घायल होने का दावा किया था।
बीएसएफ के अधिकारियों ने यहां कहा कि पाकिस्तान की ओर से अभी इस मामले में कोई जवाब नहीं आया है और उन्हें उम्मीद है कि एक या दो दिनों के भीतर पाकिस्तान की ओर से घटना पर कोई जवाब जरूर आ जाएगा।
पंजाब सीमा पर बीएसएफ के उप महानिरीक्षक जागीर सिंह ने सोमवार को आईएएनएस से कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि घटना पर पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक जवाब एक या दो दिनों के भीतर आ जाएगा। रविवार को हमने पूरी स्थिति से उन्हें अवगत कराया था और संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों से मामले पर औपचारिक आपत्ति भी दर्ज कराई थी।"
जागीर सिंह ने कहा, "इलाके में स्थिति सामान्य है और हम पूरी तरह चौकस हैं। आमतौर पर हम यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी ही रखते हैं लेकिन शनिवार की घटना को ध्यान में रखते हुए हमने सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए हैं। हमने पाकिस्तानी रेंजरों से भी कहा है कि वे अपनी सीमा में चुस्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications