छत्तीसगढ़ में 2,500 विस्फोटक लूटे गए
2,500 विस्फोटकों से लदी महिंद्रा मैक्स पिकअप वैन रविवार को रायपुर के बाहरी इलाके में स्थित मंदिर हसौद से दंतेवाड़ा इलाके के किरंदुल स्थित लौह खदान के लिए जा रहा थी और रास्ते में वह लापता हो गई।
पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर) टी.जे.लोंगकुमेर ने आईएएनएस से कहा, "वाहन को सोमवार तड़के एक जंगली इलाके से बरामद कर लिया गया लेकिन विस्फोट नहीं मिल पाए।"
वाहन चालक का कहना है कि बस्तर जिले में राष्ट्रीय राज मार्ग 43 से लगे सोनारपाल गांव में नक्सलियों ने वाहन को अगवा कर लिया और वे उसे एक जंगली इलाके में ले गए। विद्रोहियों ने वाहन से सभी विस्फोटक उतार लिए और उसके बाद चालक को गाड़ी लेकर चले जाने के लिए कहा।
लोंगकुमेर ने कहा, "हमें चालक के बयान पर संदेह है और हम उससे पूछताछ कर रहे हैं।"
अगवा किया गया वाहन दंतेवाड़ा स्थित एक निजी खदान कंपनी द्वारा किराए पर लिए गए दो विस्फोटक लदे वाहनों में से एक था। इन विस्फोटकों को लौह अयस्क निकालने के लिए बैलाडीला पहाड़ी की चट्टानों में विस्फोट के लिए मंगाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications