मुंबई: मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़े

शनिवार को दिन भर हुई बारिश के कारण दादर, वडाला, भायखला, मझगांव, माहिम, सांताक्रूज, गोरेगांव, जोगेश्वरी, कांदिवली, मुलुंड, सायन, माटुंगा व घाटकोपर जैसे इलाकों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया।
बारिश के कारण महानगर के दो प्रमुख राजमार्गो और अन्य मार्गो पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। परिणामस्वरूप कई हिस्सों में जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार महानगर में शनिवार देर शाम तक 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरों में लगभग 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
विमान सेवाएं प्रभावित
बारिश के कारण दृश्यता का स्तर 500 मीटर तक आ गया और इसके चलते विमानों के उतरने और उड़ान भरने में 15 से 20 मिनट की देरी हो रही है। हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार जेद्दाह-मुंबई के एक विमान का टायर संदिग्ध रूप से फट जाने के कारण मुख्य रनवे को शाम 6.30 बजे 40 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही अन्य उड़ानों में भी देरी हुई। कम से कम आने वाली एक उड़ान को पुणे के लिए मोड़ दिया गया और एक अन्य विमान को अहमदाबाद के लिए मोड़ दिया गया।
भारी बारिश की चेतावनी
वहीं रेल अधिकारियों के मुताबिक दृश्यता कम होने के कारण कई ट्रेने भी लेट चल रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
उधर वृहन्नमुंबई नगर निगम (एमसीजीएम) ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में और अधिक पानी भर सकता है। अब तक महानगर में कुल लगभग 365 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि उपनगरों में 293 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications