पाक: 26 सैनिकों के मरने की आशंका

पाकिस्तान में सेना का कहना है कि ऑरकज़ई में सेना के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 26 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की आशंका है.मेजर जनरल अथर अब्बास ने बीबीसी को बताया कि ये दुर्घटना ऑरकज़ई और खाइबर इलाक़े की सीमा पर हुई.
दुर्घटना के कारण के बारे में अभी ठीक से पता नहीं चल पाया है हालांकि अधिकारियों ने तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है.ये हादसा ऐसे समय हुआ है जब दक्षिणी वज़ीरिस्तान में संदिग्ध अमरीकी ड्रोन हमले में कम से कम 10 चरमपंथी मारे गए हैं.
तालेबान के ख़िलाफ़ अभियान
बीबीसी के माइक वुल्डरिज का कहना है कि ये माना जा रहा है कि एमआई-17 हेलीकॉप्टर अफ़ग़ान सीमा से पेशावर वापस आ रहा था और उसी दौरान पाइलट ने अलर्ट किया.अधिकारियों के मुताबिक हेलीकॉप्टर एक ऐसे इलाक़े में गिर गया जहाँ चरमपंथियों का दबदबा है और उन्होंने गोलीबारी शुरु कर दी.
सेना के अधिकारियों ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की जाँच की जाएगी.हालांकि बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ये पाकिस्तानी सेना के लिए बड़ा झटका है क्योंकि सेना अफ़गान सीमा के पास कबाइली इलाक़े में तालेबान के ख़िलाफ़ अगले चरण का अभियान चलाने की तैयारी में है.
ताज़ा समाचार के अनुसार दक्षिणी और उत्तरी वज़ीरिस्तान में तालेबान के संदिग्ध ठिकानों पर पाकिस्तानी हवाईजहाज़ हमले कर रहे हैं.ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान में ड्रोन हमले में चरमपंथियों के एक प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया गया.अफ़ग़ान सीमा से सटे इस इलाक़े में पाकिस्तान के तालेबान नेता बैतुल्ला मेहसूद का नियंत्रण है.


Click it and Unblock the Notifications