स्वाइन फ्लू : एक नया मरीज, पीड़ितों की संख्या 129 हुई
नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। देश में स्वाइन फ्लू के एक नए मरीज की पुष्टि हुई है इसके साथ ही इंफ्लूएंजा ए (एच1एन1) से पीड़ितों की संख्या 129 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया, "शनिवार को केवल एक मामले की पुष्टि हुई है। 23 वर्षीय थाई नागरिक जो कि बैंकाक से थाई एयरवेज से 28 जून को मुंबई पहुंचा। इसके बाद वह गुजरात के कांडला बंदरगाह पहुंचा जहां वह एक जहाज का चालक दल का सदस्य था।"
बयान में कहा गया कि कांडला बंदरगाह पर हुई जांच में उसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। उसे कांडला पोर्ट ट्रस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके संपर्क में आए चार अन्य साथियों को भी निगरानी में रखा गया है।
बयान में कहा गया, "अब तक 871 लोगों की जांच की गई है जिसमें से 129 लोगों में इंफ्लूएंजा ए (एच1एन1) वायरस की पुष्टि हुई है। 129 पीड़ितों में से 90 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि दुनिया के 125 देशों में घातक बीमारी स्वाइन फ्लू से अब तक कम से कम 382 लोगों की मौत हो चुकी है। यह बीमारी अब तक 89,921 लोगों को चपेट में ले चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।