तेज रफ्तार बस पुल से रेल पटरी पर गिरी, 9 यात्रियों की मौत (लीड-2)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना शाम को लगभग चार बजे उस समय घटी, जब दो यात्री बसें एक दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रही थीं। परिणामस्वरूप उसमे से एक बस के चालक का बस से नियंत्रण छूट गया और बस पुल के किनारे की कंकरीट की दीवार तोड़ते हुए बंकिम सेतु से लगभग 50 फुट नीचे हावड़ा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 11 व 12 के बीच जा गिरी।
सरकारी बचाव कर्मियों को पहुंचने के पहले ही कई सारे घायलों को वहां उपस्थित लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "बचाव कार्य जारी है। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से आठ की मौत हावड़ा जनरल अस्पताल में हुई है।"
तृणमूल कांग्रेस ने वाम मोर्चा सरकार पर पुलों के ऊपर किनारे कमजोर अवरोधक बनाने का आरोप लगाया है।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी समीर गोस्वामी ने कहा, "बस प्लेटफार्म नंबर 11 व 12 के बीच गिरी है। हमने प्लेटफार्म नंबर 10 से 23 तक की सेवाएं स्थगित कर दी हैं। लेकिन स्थानीय रेल गाड़ियां सामान्य रूप से चल रही हैं।"
गोस्वामी ने कहा, "उन प्लेटफार्मो पर सेवाएं इसलिए रोक दी गई हैं, क्योंकि दुर्घटना के बाद विद्युत आपूर्ति काट दी गई है।"
दुर्घटना के कारण लंबी दूरी की कई रेल गाड़ियां रुक गई हैं।
हावड़ा के पुलिस अधीक्षक एन.के.सिंह ने कहा कि दुर्घटना के कारणों के बारे में मामले की जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications