माइकल जैक्सन की मौत से कतई गमगीन नहीं दिखते जो
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक जैक्सन और उनके पिता में हमेशा ही छत्तीस का आंकड़ा रहा। 79 वर्षीय जो, जैक्सन की गमगीन जिंदगी के सबसे बड़े किरदार रहे।
जैक्सन की मौत के कुछ दिनों बाद ही ब्लैक इंटरटेनमेंट टेलीविजन पुरस्कार समारोह में जो काफी खुश दिख रहे थे।
जैक्सन और उनके पिता के बीच नहीं बनती थी इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिवंगत पॉप गायक ने अपनी वसीयत में जो का जिक्र भी नहीं किया। उनकी वसीयत बुधवार को लास एंजेलिस सुपीरियर कोर्ट में दायर की गई।
वर्ष 1993 में जैक्सन ने ओपराह विनफ्रे से कहा था कि उनके पिता उन्हें चिढ़ाते थे और उनकी पिटाई भी करते थे। उन्होंने कहा था कि वह अपने पिता से बहुत डरते थे।
जो पहले क्रेंन चालक थे लेकिन बाद उन्होंने संगीत बैंड आरंभ किया जिसका नाम 'जैक्सन 5' था। जैक्सन ने भी इसी बैंड से अपनी गायकी की शुरुआत की थी। जो जैक्सन की पिटाई भी करते थे। उन्होंने बीबीसी को 2003 में दिए साक्षात्कार में कहा था कि वह माइकल को बेल्ट से मारते थे लेकिन उन्होंने कभी उनकी पिटाई नहीं की। उन्होंने कहा था, "किसी को पीटते तो आप छड़ी से हैं।"
बाद में माइकल की कामयाबी से उनके भाई भी जलने लगे। उनके चेहरे पर मुंहासे थे जिनकी वजह से भाई उन्हें खूब चिढ़ाते थे। जैक्सन ने विनफ्रे को बताया था कि उसके पिता भी उन्हें खूब चिढ़ाते थे। उन्हें यह पसंद नहीं था और वह रोजाना रोया करते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications