भारत और जापान में आर्थिक समझौते के लिए वार्ता
टोक्यो, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और जापान के बीच टोक्यो में शुक्रवार को हुई तीसरी वार्षिक सामरिक वार्ता में व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते के लिए त्वरित विचार-विमर्श करने का फैसला किया है।
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और जापान के विदेश मंत्री हिरोफुमी नाकासोन के बीच आर्थिक और वाणिज्यिक संबंधों में प्रगाढ़ता लाने, वैश्विक वित्तीय संकट और जलवायु परिवर्तन समेत द्विपक्षीय और वैश्विक मसलों पर विस्तारपूर्वक बातचीत हुई।
दोनों देशों ने मालढुलाई गलियारा और दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं में तेजी लाने का भी फैसला किया। ये परियोजनाएं दोनों देशों की बढ़ती आर्थिक भागीदारी के प्रतीक के रूप में उभरकर सामने आई हैं।
बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कृष्णा ने कहा, "हमारे बीच समग्र आर्थिक भागीदारी समझौते के लिए बातचीत में प्रगति हो रही है।"
जलवायु परिवर्तन के बारे में भी दोनों नेताओं के बीच व्यापक विचार विमर्श हुआ। इस वर्ष के आखिर में होने वाली जापान के प्रधानमंत्री तारो आसो की भारत यात्रा के एजेंडे के बारे में भी दोनों नेताओं में विचार-विमर्श हुआ।
कृष्णा की दो दिवसीय जापान यात्रा शुक्रवार को प्रारंभ हुई थी। वह आज ही आसो से भी भेंट करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।