पाकिस्तान में अमेरिकी हवाई हमले में 15 मरे
इस्लामाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के अशांत कबायली दक्षिणी वजीरिस्तान क्षेत्र के आतंकवादी ठिकाने पर शुक्रवार को अमेरिका के संदिग्ध चालक रहित लड़ाकू विमान द्वारा तीन मिसाइलें दागे जाने से कम से कम 15 लोग मारे गए। यह जानकारी एक खुफिया अधिकारी ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अफगानिस्तान की सीमा से सटे दक्षिणी वजीरिस्तान के लाधा के कोकट खेल गांव में एक तालिबान समर्थक के एक मकान पर मिसाइले दागी गईं। हमले में इमारत जमींदोज हो गई।
एक स्थानीय खुफिया अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, "हमें मिली सूचना के मुताबिक हमले में 15 लोग मारे गए हैं और 33 घायल हो गए हैं।"
उन्होंने बताया कि मरने वालों में स्थानीय तालिबानी और अल कायदा के आतंकवादी शामिल हैं। उन्होंने बताया, "हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं इस हमले में कोई प्रमुख व्यक्ति तो नहीं मारा गया।"
तालिबानियों ने हमले के बाद इलाका सील कर दिया है और वह मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
लाधा क्षेत्र बेतुल्लाह महसूद का गढ़ माना जाता है। समझा जाता है कि सुरक्षा बलों और नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए बहुत से आत्मघाती हमलों में उसी हाथ था। उस पर 50 लाख डॉलर का इनाम भी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications