यूपी: स्कूलों में लगेंगी शिकायत पेटियां

उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों को अपने परिसर में शिकायत पेटी लगाने के निर्देश दिए हैं, जिनमें छात्र और उनके अभिभावक शारीरिक दंड व कक्षाएं न लेने वाले शिक्षकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकेंगे। राज्य में करीब 16,000 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को अपने परिसर में शिकायत पेटी स्थापित करनी होगी।
पेटिका नहीं लगायी तो खैर नहीं
लखनऊ की जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सांत्वना तिवारी के मुताबिक राज्य सरकार ने सर्कुलर जारी कर दिया है। शिकायत पेटिकाएं इसी सत्र से लगायी जाएंगी।
डीआईओएस ने कहा, "हम जल्द ही हम औचक निरीक्षण कर सुनिश्चित करेंगे कि स्कूलों में सरकारी आदेशों का पालन हो रहा है कि नहीं। अगर कोई भी स्कूल प्रदेश सरकार के इस आदेश के अनुपालन में असफल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
हर 30 दिन पर खुलेगा शिकायतों का पिटारा
सांत्वना तिवारी ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सभी स्कूलों में जाकर 30 दिन के अंतराल के बाद शिकायतों के बाक्से खोलेंगे। इस काम के लिए अधिकारियों को अधिकृत किया जाएगा। शिकायतें मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने राज्य सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। संगठन के प्रवक्ता डा आरपी मिश्रा ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल स्कूलों में बच्चों के शारीरिक उत्पीड़न पर रोक लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि स्कूलों में शैक्षिक अनुशासन भी कायम होगा।


Click it and Unblock the Notifications