उत्तर प्रदेश सरकार ने दिए स्कूलों में शिकायत पेटी लगाने के निर्देश
लखनऊ, 1 जुलाई(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों को अपने परिसर में शिकायत पेटी लगाने के निर्देश दिए हैं, जिनमें छात्र और उनके अभिभावक शारीरिक दंड के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
सरकार के निर्देशों के बाद राज्यभर के लगभग 16,000 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों को अपने परिसर में शिकायत पेटी स्थापित करनी होगी।
लखनऊ की जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सांत्वना तिवारी ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि राज्य सरकार ने स्कूलों को इसी सत्र से अपने परिसर में शिकायत पेटी लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा, "हम जल्द ही हम औचक निरीक्षण कर सुनिश्चित करेंगे कि स्कूलों में सरकारी आदेशों का पालन हो रहा है कि नहीं। अगर कोई भी स्कूल प्रदेश सरकार के इस आदेश के अनुपालन में असफल पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
तिवारी ने कहा कि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को 30 दिन के अंतराल के बाद शिकायत बाक्स खोलने के लिए अधिकृत किया गया है। शिकायतें प्राप्त करने के बाद वे आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने राज्य सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। संघ के प्रवक्ता आर. पी. मिश्रा ने कहा कि सरकार के इस कदम से स्कूलों में बच्चों के शारीरिक उत्पीड़न पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications