देश में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले, पीड़ितों की संख्या 112 हुई
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली, बेंगलुरू और गुड़गांव में बुधवार को फ्लू के एक-एक मामले प्रकाश में आए हैं।
बयान में कहा गया है, "दिल्ली में एक 11 वर्षीय किशोर में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई। यह किशोर म्यूनिख से दुबई होते हुए 26 जून को दिल्ली पहुंचा था। उसने 30 जून को अस्पताल से संपर्क किया और उसे भर्ती कर लिया गया।"
बयान के अनुसार, "बेंगलुरू में एक 29 वर्षीय व्यक्ति में फ्लू की पुष्टि हुई है। वह 28 जून को चीन से बेंगलुरू पहुंचा था। उसने भी 30 जून को अस्पताल से संपर्क किया। वह बुखार और खांसी से पीड़ित था।"
गुड़गांव में भी एक 11 वर्षीय लड़की में फ्लू के वायरस पाए गए हैं। वह 28 जून को अमेरिका के शिकागो से नई दिल्ली पहुंची थी। उसने 30 जून को बुखार और खांसी के लक्षणों के साथ अस्पताल से संपर्क किया और उसे भी भर्ती कर लिया गया।
अभी तक देश में फ्लू के 769 संदिग्धों की जांच की जा चुकी है। उनमें से 112 में फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई है। इनमें से 74 पीड़ितों को पूर्ण स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने 29 जून 2009 तक 116 देशों में फ्लू के कुल 70,893 मामलों की पुष्टि की है। उनमें से 311 पीड़ितो की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications