मानसून के दूसरे दिन बारिश न होने से दिल्लीवासी मायूस (लीड-1)
मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "बुधवार को सुबह 8.30 मिनट से लेकर देर शाम तक कोई बारिश दर्ज नहीं की गई है।"
अधिकारी ने कहा, "बुधवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्र्रता का स्तर 92 प्रतिशत तक पहुंच गया।"
दक्षिण पश्चिम मानसून मंगलवार की शाम दिल्ली पहुंचा था और दिल्लीवासियों को बहुप्रतीक्षित राहत प्रदान की थी। मंगलवार की शाम 8.30 बजे से लेकर बुधवार सुबह तक दिल्ली में कुल 8.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को आंधी तूफान के साथ थोड़ी बारिश हो सकती है।
इस बीच बारिश न होने से बुधवार को दिल्लीवासी मायूस दिखे।
कॉलेज छात्रा निकिता शर्मा (21) ने कहा, "मंगलवार की बारिश के बाद हम बुधवार को भी बारिश की उम्मीद लगाए हुए थे। लेकिन मौसम उमस भरा रहा और घर के बाहर निकलने का मेरा मन नहीं किया।"
एक अन्य नागरिक शिवदयाल अग्रवाल (71) ने कहा, "उमस के कारण हमारा कूलर ठीक से काम नहीं कर रहा था। बारिश हो तभी हमारे जैसे बुजुर्गो को थोड़ी राहत मिल सकती है।"
मौसम विभाग के अधिकारी ने भी कम बारिश के बारे में चिंता जाहिर की है।
अधिकारी ने कहा है, "आमतौर पर जब मानसून आता है तो तेज बारिश होती है। लेकिन इस वर्ष जून महीने में दिल्ली और आसपास के इलाकों में मात्र 19 मिलीमीटर वर्षा ही दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक औसतन 55 मिलीमीटर बारिश होती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications