नई आवासीय योजना देश को झुग्गीरहित बनाएगी : शैलजा
मंत्रालय के 100 दिन के एजेंडे की घोषणा करते हुए आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा, "अगले पांच वर्षो में देश को झुग्गीरहित बनाने के काम को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा आवास योजना की तर्ज पर राजीव आवास योजना को तैयार किया गया है।"
शैलजा ने कहा कि इस योजना में राज्य सरकारों के सहयोग से झुग्गीवासियों को संपत्ति के अधिकार देने पर ध्यान दिया जाएगा। यह योजना शहरी गरीबों को गरिमापूर्ण आवासीय पर्यावरण हासिल करने के लिए आशा की किरण सिद्ध होगी।
शैलजा ने कहा कि मंत्रालय वहनीय आवासों के निर्माण में शहरी गरीबों, नगर निगमों, निजी डेवलपरों और राज्य सरकारों की भागीदारी के रास्ते खोजेगा।
भारतीय रजिस्ट्रार जनरल के अनुसार भारत में शहरी गरीबों की संख्या 8.1 करोड़ है।
उन्होंने कहा कि यह योजना झुग्गियों और कम आय के आवासीय इलाकों में मूल जरूरतों जैसे जल आपूर्ति, सीवर, जल निकास, भीतरी और बाहरी सड़कों, सड़कों और चौराहों पर लाइट और अन्य सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
मंत्रालय 500,000 आबादी वाले शहरों को भी जवाहरलाल नेहरु राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन में शामिल करने की योजना बना रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications