संयुक्त राष्ट्र ने बेनजीर हत्याकांड की जांच शुरु की
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार संयुक्त राष्ट्र में चिली के राजदूत हेराल्डो मुनोज की अध्यक्षता वाला तीन सदस्यीय आयोग उनकी हत्या से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल करेगा। बेनजीर की दिसंबर 2007 में रावलपिंडी में एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी गई थी।
हत्या से महज दो महीने पहले बेनजीर जब आठ साल के निर्वासन के बाद स्वदेश लौटी थीं तो भी कराची शहर में एक बम हमले में वह बाल-बाल बची थीं।
पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता अब्दुल बासित ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र जांच दल का काम बुधवार से शुरु हो रहा है लेकिन शुरुआत में कुछ दिन वह न्यूयार्क में इसकी तैयारी करेगा।
उन्होंने बताया कि जांच दल जुलाई के तीसरे हफ्ते में पाकिस्तान पहुंचेगा और अपने चार दिन के दौरे में राष्ट्रीय जांच एजेंसियों द्वारा अब तक जुटाए गए सबूतों के बारे में विचार-विमर्श करेगा।
प्रवक्ता ने बताया, "वे प्रत्यक्षदर्शियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर सकते हैं और पाकिस्तान सरकार उसकी व्यवस्था करेगी।"
आयोग छह महीने के भीतर संयुक्त राष्ट्र को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा और उससे पाकिस्तान को भी अवगत कराएगा।
पाकिस्तान की तत्कालीन सरकार ने बेनजीर की हत्या के लिए तालिबानी नेता बेतुल्लाह मेहसूद को जिम्मेदार ठहराया था। बेनजीर ने अपने वक्तव्यों से कथित तौर पर आतंकवादियों और उग्रवादियों को नाराज कर दिया था।
बेनजीर के समर्थकों तथा उनके पति एवं पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी उनकी हत्या की संयुक्त राष्ट्र से जांच कराने की मांग की थी। उनका आरोप था कि देश की खुफिया एजेंसियों के कुछ दुष्ट तत्व हत्या की साजिश में शामिल हो सकते हैं।
संयुक्त राष्ट्र जांच दल में इंडोनेशिया के महाधिवक्ता मार्जुकी दारुस्मान और आयरिश पुलिस अधिकारी पीटर फिट्जगेराल्ड शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications