निशंक मंत्रिपरिषद का विस्तार, 8 मंत्री शामिल
देहरादून, 1 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' ने बुधवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। इस विस्तार में आठ नए मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की।
राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल बी. एल. जोशी ने इन मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मंत्री पद की शपथ लेने वालों में प्रकाश पंत, दिवाकर भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह भंडारी, विजया बर्थवाल, गोविंद सिंह विष्ट, खजान दास और बलवंत सिंह भौरियाल शामिल थे। इन मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही निशंक मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की संख्या 12 हो गई है।
प्रकाश पंत, दिवाकर भट्ट, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह भंडारी को केबिनेट मंत्री के रूप में जबकि विजया बर्थवाल, गोविंद सिंह विष्ट को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और खजान दास और बलवंत सिंह भौरियाल को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री निशंक और तीन मंत्रियों विशन सिंह चुफाल, मातबर सिंह कंडारी और मदन कौशिक ने पिछले शनिवार को पद व गोपनीयता की शपथ ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications