कौन करेगा जैक्सन के बच्चों की देखभाल!

न्यायालय के दस्तावेज़ के मुताबिक़ जैक्सन की माँ कैथरिन जैक्सन ने अपने बेटे माइकल जैक्सन की मृत्यु के बाद यह याचिका दाख़िल की है.
वैसे कैथरिन जैक्सन पहले से ही माइकल जैक्सन के बच्चों के देख भाल की अस्थाई ज़िम्मेदारी निभा रही हैं. जैक्सन के तीनों बच्चों की उम्र सात से 12 साल के बीच है.
परिवार के वकील लॉंडेल मैकमिलन ने कैथरिन जैक्सन के बारे में कहा, "मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई होगा जो ये सोचे कि जैक्सन के बच्चों के संरक्षण के लिए उनसे बेहतर कोई और होगा."
उन्होंने ये भी कहा कि जैक्सन के दो बड़े बच्चों की माँ डेबरा रोव की ओर से इस बारे में कोई बात सामने नहीं आई है.
जैक्सन का तीसरा बच्चा एक ऐसी माँ से है जिसकी जानकारी छुपा कर रखी गई.
पिछले हफ़्ते माइकल जैक्सन का लॉस एंजेलेस में निधन हो गया था. उनके तीन बच्चे हैं.
उनका बड़ा लड़का माइकल जॉसेफ़ जैक्सन जूनियर 12 साल का है और उसे प्रिंस माइकल के नाम से जाना जाता है.
उनकी दूसरी संतान का नाम पेरिस माइकल कैथरिन जैक्सन है और वह 11 साल की हैं. उनकी तीसरी संतान सात वर्षीय प्रिंस माइकल-II हैं.
लॉस एंजेलेस के एक कोर्ट ने कैथरिन जैक्सन की ओर से दाख़िल याचिका पर सुनवाई की तारीख़ तीन अगस्त तय की है.
उनके बड़े दो बच्चों की माँ डेबरा रोव की और से आधिकारिक तौर पर कोई बात सामने नहीं आई है.
सोमवार को एक अदालत ने माइकल जैक्सन की माँ को पहले ही बच्चों के अस्थायी संरक्षण की ज़िम्मेदारी दे दी थी.
जायदाद के लिए भी
दस्तावेज़ों से ये भी पता चलता है कि कैथरिन जैक्सन ने बच्चों की जायदाद के लिए भी अर्ज़ी दाख़िल कर रखी है लेकिन अभी उनकी जायदाद की क़ीमत मालूम नहीं है.
कैथरिन जैक्सन की ही निगरानी में बच्चे हैं
बच्चे अभी उनकी निगरानी में जैक्सन परिवार के साथ रह रहे हैं.
कोर्ट के काग़ज़ात बताते हैं कि रोव के बारे में कुछ नहीं मालूम है कि वे कहाँ हैं. जबकि तीसरे बच्चे माइकल द्वितीय की माँ के बारे में भी कुछ मालूम नहीं है.
इसमें ये भी कहा गया है कि बच्चे दादी के साथ रहते रहे हैं और उनकी देख-रेख में वे इत्मिनान से हैं और इसलिए उनके संरक्षण के लिए अर्ज़ी दी गई है.
रोव की वकील मार्टा आल्मली ने शनिवार के अपने एक बयान में कहा था, "रोव अभी सिर्फ़ इस बात से चिंतित हैं कि माइकल का परिवार इस समय किस दुखद दौर से गुज़र रहा है."
रोव ने 1996 में जैक्सन से शादी की थी लेकिन 1999 में तलाक़ के लिए अर्ज़ी दे दी थी.
उस वक़्त उन्होंने बच्चों के संरक्षण से इनकार किया था. लेकिन 2003 में उन्होंने उनके संरक्षण की मांग की थी.


Click it and Unblock the Notifications