यूपीपीसीएल ने एसी के इस्तेमाल पर रोक की अनुमित मांगी
मांग और आपूर्ति के बीच के भारी अंतर को देखते हुए यूपीपीसीएल ने एसी के इस्तेमाल पर पाबंदी के लिए उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (यूपीईआरसी) से यह अनुमित मांगी है।
यूपीपीसीएल ने अपने प्रस्ताव में यूपीईआरसी से कहा है कि वह घरेलू उपभोक्ताओं के शाम 6 से 10 बजे के बीच एसी के इस्तेमाल पर रोक लगाने की अनुमित प्रदान करे। इसके अलावा यूपीपीसीएल ने बिजली के सजावटी इस्तेमाल पर भी रात से सुबह छह बजे तक रोक लगाने की अनुमित मांगी है।
अधिकारियों के मुताबिक यूपीपीसीएल के इस प्रस्ताव पर यूपीईआरसी अगले दो दिन के अंदर सुनवाई करेगा। आयोग की मंजूरी के बाद ही यह व्यवस्था प्रभावी होगी।
यूपीपीसीएल के निदेशक (विपणन) अरुण कुमार ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि अगर हमारे प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है, तो यह व्यवस्था अगले दो महीनों तक लागू रहेगी। यदि इस बीच मांग और आपूर्ति के अंतर में कमी आई तो इस व्यवस्था को तय समय सीमा से पहले हटा लिया जाएगा।
मालूम हो कि सूबे में इस समय बिजली की मांग 9,000 मेगावाट है जबकि राज्य सरकार करीब 7,700 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध करा पा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications