इटली में गैस से भरी मालगाड़ी के दो डिब्बों में विस्फोट, 10 मरे (लीड-1)
वियारेज्जियो (इटली), 30 जून (आईएएनएस)। तुस्कान बंदरगाह शहर में एक रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के गैस से भरी मालगाड़ी के दो डिब्बों में विस्फोट हो जाने से 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक, "अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मालगाड़ी के डिब्बों के पटरी से उतर जाने से यह हादसा हुआ। डिब्बों में गैस भरी थी। पटरी से उतरते ही डिब्बों में विस्फोट हो गया और आग लग गई। आग की लपटें आसपास के इलाकों में तेजी से फैल गईं और उसने कम से कम 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया।"
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट किसी बम जैसा था। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की पांच इमारतें घ्वस्त हो गईं। कम से कम 35 लोग बुरी तरह जल गए हैं।
एहतियात के तौर पर आसपास के सभी घरों को खाली करा लिया गया है। अग्निशमन विभाग के करीब 300 अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्यो में जुटे हुए हैं।
गैस से भरे अन्य डिब्बों में भी आग से विस्फोट होने की संभावना को देखते हुए राहत व बचाव कार्य में जुटे अग्निशमन अधिकारियों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications