यमन एयरवेज के दुर्घटनाग्रस्त विमान के जीवित यात्रियों की तलाश जारी (लीड-4)
कोमोरोस गणराज्य के परिवहन मंत्रालय के महासचिव अब्दिल्लाह मौगनी ने कहा कि जीवित शिशु को नाव के जरिए समुद्र के किनारे लाया गया। शिशु के लिंग की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
मौगनी ने यह भी कहा है कि समुद्र से अभी तक मात्र एक ही शव बरामद किया जा सका है। हालांकि हेलीकाप्टर से देखा गया है कि तीन शव पानी की सतह पर तैर रहे थे।
ए 310 नामक इस विमान में चालक दल के 11 सदस्यों सहित 153 यात्री सवार थे। यात्रियों में तीन शिशु भी हैं।
मौगनी ने कहा कि कोमोरोस का बचाव दल दोपहर के आसपास दुर्घटना स्थल पर पहुंच गया था। बचाव कर्मियों ने पानी में जहाज के मलबे की तलाश की तैयारी शुरू कर दी थी।
फ्रांस के दो नौसेना पोत और सैन्य परिवहन विमान भी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
इसके पहले यमनी नेशनल सिविल एविएशन एसोसिएशन के अध्यक्ष मुहम्मद अब्दुल कदबर ने बताया था, "घटनास्थल पर कुछ शव देखे गए हैं। हादसे में जीवित बचने वालों के बारे में कोई सूचना नहीं है।"
विमान यमन से होते हुए कोमोरोस द्वीपसमूह की राजधानी मोरानी जा रहा था तभी तड़के 1.51 बजे फ्लाइट कंट्रोलर का संपर्क विमान से कट गया। फ्रांस से मिली खबरों में कहा गया है कि विमान में 66 फ्रांसीसी नागरिक सवार थे। विमान फ्रांस में यात्रा शुरु करने के बाद यमन में रुका था और आगे के सफर पर निकला था।
अब्दुल कदबर यात्रियों की नागरिकता के बारे में कोई सूचना उपलब्ध नहीं करवा सके। उन्होंने कहा कि विमान तूफानी मौसम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हवाएं 161 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने मोरानी हवाई अड्डे से 16-17 समुद्री मील दूरी पर शव और तेल की धार देखे जाने की जानकारी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications