देश के पहले समुद्री पुल को लेकर मुंबईवासियों में भारी उत्साह
ब्रांद्रा-वरली सी लिंक (बीडब्ल्यूएसएल) के नाम से प्रचारित 5.6 किलोमीटर लंबे इस समुद्री पुल के निर्माण पर 1634 करोड़ रुपये की लागत आई है। प्रशासन को अनुमान है कि इस पुल से प्रतिदिन 150,000 वाहन गुजरेंगे। इस पुल से गुजरने के लिए, वाहनों के आकार के अनुसार 50 से 100 रुपये तक पथ कर देना होगा।
इस आलीशान पुल को लेकर फिल्मी सितारों, कॉरपोरेट हस्तियों और औसत दर्जे के नागरिकों में भारी उत्साह है।
अपने जमाने की प्रख्यात अभिनेत्री और नृत्यांगना हेलन ने आईएएनएस से कहा, "पिछली रात मैं इस पुल पर किए गए लेजर शो और आतिशबाजी को देखने के लिए अपनी आठ मंजिली इमारत की ऊपरी छत पर खासतौर से गई थी।"
हेलन के पति और चर्चित फिल्म लेखक सलीम खान ने कहा, "मैंने इस बारे में काफी कुछ पढ़ा है कि यह मुंबई की यातायात समस्या को सुलझा देगा। मैं उस पुल से जल्द गुजरने की योजना बना रहा हूं।"
वास्तव में शाहरुख खान, रेखा, सुभाष घई, फरहान अख्तर, ए.कृष्णमूर्ति जैसे कई सारे फिल्मी सितारे बांद्रा-वरली सी लिंक के किनारे ही रहते हैं। ज्यादातर अपनी बालकनी या अपनी छत से इस आकर्षक पुल का नजारा सहज रूप में देख सकते हैं।
जुहू इलाके में रहने वाले व्यापारी प्रताप एस.बोहरा कहते हैं कि यातायात की समस्या के कारण वह नरीमन पॉइंट स्थित अपने कार्यालय से लंबे समय से कट गए थे।
बोहरा ने कहा, "मैं सी लिंक के बारे में लगातार सुन रहा था। अब वह तैयार है और मैं भी अपने कार्यालय में अपनी उपस्थिति को लेकर अब गंभीरता से विचार कर रहा हूं। हमें उम्मीद है कि वरली से नरीमन पॉइंट का दूसरा चरण भी जल्द पूरा हो जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications