यमन एयरवेज के दुर्घटनाग्रस्त विमान के यात्रियों के शव देखे गए (लीड-3)
साना(यमन), 30 जून (आईएएनएस)। यमन एयरवेज के एक यात्री विमान के मंगलवार तड़के हिंद महागसागर में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने कोमोरोस द्वीप समूह के समीप कई शव और तेल की धार देखी है। विमान में चालक दल के 11 सदस्यों समेत 153 लोग सवार थे। यात्रियों में तीन शिशु भी हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यमनी नेशनल सिविल एविएशन एसोसिएशन के अध्यक्ष मुहम्मद अब्दुल-कदबर ने बताया, "घटनास्थल पर कुछ शव देखे गए हैं। हादसे में जीवित बचने वालों के बारे में कोई सूचना नहीं है।"
विमान सीएम-300 यमन से होते हुए कोमोरोस द्वीपसमूह की राजधानी मोरानी जा रहा था तभी तड़के 1.51 बजे फ्लाइट कंट्रोलर का संपर्क विमान से कट गया। फ्रांस से मिली खबरों में कहा गया है कि विमान में 66 फ्रांसीसी नागरिक सवार थे। विमान फ्रांस में यात्रा शुरु करने के बाद यमन में रुका था और आगे के सफर पर निकला था।
अब्दुल कदबर यात्रियों की नागरिकता के बारे में कोई सूचना उपलब्ध नहीं करवा सके। उन्होंने कहा कि विमान तूफानी मौसम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय हवाएं 161 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने मोरानी हवाई अड्डे से 16-17 समुद्री मील दूरी पर शव और तेल की धार देखे जाने की जानकारी दी है। यमन एयरवेज और यमन विमानन प्राधिकरण के जांच दलों के मंगलवार को मोरानी रवाना होने की खबर है।
मालवाहक और सैन्य हेलीकाप्टरों समेत फ्रांसीसी नौसेना इकाइयों ने जांच और बचाव अभियान शुरु कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications