सुप्रीम कोर्ट ने माया से मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में मायावती और कांशीराम की मूर्तियां लगाने के मामले में राज्य सरकार को नोटिस दिया है और चार हफ्तों में जवाब मांगा है.
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने पूरे राज्य में अपनी और बसपा के दिवंगत नेता कांशीराम की मूर्तियां लगवाने की घोषणा की थी जिस पर काफ़ी विवाद हो रहा है.
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है और मूर्तियों के काम में लगने वाले पैसे की सीबीआई जांच की मांग की है. इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार चार हफ्तों में पैसों के हिसाब किताब पर जवाब दे.
कोर्ट में मायावती की ओर से पक्ष रखते हुए सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि यह जनहित याचिका राजनीतिक षडयंत्र है लेकिन कोर्ट ने इस दलील को मानने से इंकार कर दिया.
कोर्ट ने हालांकि मूर्तियों के अनावरण पर प्रतिबंध नहीं लगाया है लेकिन कम से कम कोर्ट के नोटिस से राज्य सरकार को झटका ज़रुर लगा है.


Click it and Unblock the Notifications