बारामूला हिंसा में 2 की मौत, 10 घायल (लीड-1)
सूत्रों के अनुसार प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने सोमवार की सुबह यहां पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर पथराव शुरू कर दिया।
सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद भी जब भीड़ हिंसा से बाज नहीं आई और उसने पुलिस स्टेशन पर हमला बोल दिया तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
गोली लगने के कारण सलीम राशिद वानी (24) नामक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तारिक अहमद मलिक (34) नामक एक दूसरे व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।
घायलों की देखभाल कर रहे श्रीनगर के सूरा मेडिकल इस्टीट्यूट के चिकित्सकों ने एक और घायल व्यक्ति की हालत को गंभीर बताया है।
छह अन्य घायलों के बारे में बताया गया है कि उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
प्रशासन ने हिंसा के बाद पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां कहा, "सार्वजनिक जीवन और संपत्ति की हिफाजत के लिए इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications