शव ठिकाने लगाने के आरोप में 3 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज
जिले के पुलिस प्रमुख लव कुमार ने सोमवार को बताया कि कप्तानगंज के व्यवसायी के पुत्र चैतन्य (24 वर्ष) के शव को ठिकाने लगाने का आरोप सही साबित होने के बाद रामकोला के पूर्व थानाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह व दो सिपाही इम्तियाज अहमद और जयप्रकाश के खिलाफ रविवार को साक्ष्य नष्ट करने का मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले दोनों को निलंबित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि गत एक जून को फिरौती के लिए चैतन्य के दोस्तों ने उसका अपहरण कर बाद में उसकी हत्या कर दी थी। कुमार के मुताबिक हत्या का खुलासा उसके मित्र रवीश तिवारी ने किया जिसे इलेक्ट्रानिक सर्विलांस के जरिये पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि तिवारी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने दो मित्रों के साथ मिलकर फिरौती के लिए चैतन्य का अपहरण किया और बाद में रामकोला चीनी मिल परिसर में उसकी गड़ासे से सिर काटकर हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक चीनी मिल के चौकीदारों ने दो जून को रामकोला के थानाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह को सिर विहीन लाश के बारे में बताया, लेकिन सिंह ने कानूनी कार्रवाई करने के बजाय शव को ठिकाने लगवा दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ विभागीय जांच करवाई गई।
कुमार ने कहा कि तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications