चंद हफ्तों में गिर जाएगी नेपाल सरकार: प्रचंड
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 29 जून (आईएएनएस)। माओवादी प्रमुख एवं नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड ने सोमवार को कहा कि महीने भर पुरानी माधव कुमार नेपाल सरकार चंद हफ्तों में गिर जाएगी और एक नई राष्ट्रीय सरकार का गठन होगा।
प्रचंड ने देश की सरकार को अनुभवहीन करार देते हुए कहा उनकी पार्टी के इसमें शामिल होने का प्रश्न ही नहीं उठता। उनकी पार्टी ने सोमवार को अपनी 13 दिवसीय बैठक संपन्न की। इसमें भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि वामपंथियों के नेतृत्व वाली छह दलीय सरकार चंद हफ्तों में गिर जाएगी और उसकी जगह एक राष्ट्रीय सरकार गठित होगी।
माओवादी विद्रोहियों को सेना में शामिल कराने के बारे में उपजे ताजा विवाद को खारिज करते हुए प्रचंड ने कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सदस्यों का राष्ट्रीय सेना में शामिल होना जारी रहेगा, जैसा कि उनकी आठ महीने पुरानी सरकार के कार्यकाल के दौरान होता आया है।
नेपाल ने पिछले महीने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। वह 19 से भी कम वर्षो में नेपाल के 18 वें प्रधानमंत्री हैं। माओवादियों ने उनकी सरकार को तीन महीने का समय दिया है। कम्युनिस्टों की अगुवाई वाली सरकार की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सहयोगियों के बीच जारी खींच-तान की वजह से वह मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या तीन से ज्यादा नहीं कर पाई। अब भी जब मंत्रिमंडल का तीन बार विस्तार हो चुका है और उसके सदस्यों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है तब भी नेपाल को सभी सहयोगियों को शामिल करने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
माओवादियों ने अपनी भविष्यवाणी ऐसे मौके पर की है जब पूर्व विद्रोहियों के साथ समझौता करने के लिए सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता ईश्वर पोखरेल के नेतृत्व में दल गठित किया है।
गत चार मई को सरकार गिरने के बावजूद माओवादियों ने संसद की घेराबंदी नहीं हटाई और उसे कामकाज नहीं करने दिया। करीब दो महीने के इस विलंब ने यह आशंका बढ़ा दी है कि संभवत: सरकार अगले साल मई तक अपने नए संविधान को लागू नहीं कर पाएगी।
पोखरेल से कहा है कि वह माओवादियों के साथ बीच-बचाव करके घेराबंदी हटाने का प्रयास करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications