मेघालय में भाजपा विधायक की पार्टी छोड़ने की तैयारी
पूर्वी खासी हिल्स में पिंथोरमखाह विधानसभा सीट के विधायक ए.एल.हेक ने आईएएनएस से कहा, "मैं एक ईसाई राज्य से हूं, इसलिए भाजपा के साथ अब नहीं रह सकता, क्योंकि उसके एजेंडे में अभी भी हिंदुत्व और राम मंदिर का मुद्दा कायम है।"
भाजपा के यह वरिष्ठ विधायक अब कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। हेक ने कहा, "मैं किसी धर्मनिरपेक्ष पार्टी के साथ जुड़ने को तैयार हूं।"
भाजपा की राज्य इकाई हेक के खिलाफ अब अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की योजना बना रही है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "हम घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं और कांग्रेस पार्टी के साथ सांठगांठ के लिए हेक के खिलाफ हर हाल में कार्रवाई की जा सकती है।"
दरअसल, भाजपा विधायक की मंशा है कि पार्टी उन्हें निष्कासित कर दे, ताकि वह दलबदल कानून से बच जाएं। पार्टी से निष्कासित कर दिए जाने के बाद वह विधानसभा में एक निर्दलीय विधायक के रूप में बैठ सकते हैं।
हेक का कहना है, "मैं सभी विकल्पों की पड़ताल कर रहा हूं। मैं कुर्सी का भूखा नहीं हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications