पुलिस गोलीबारी में युवक की मौत के बाद बारामूला में कर्फ्यू
श्रीनगर, 29 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला में प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर पुलिस गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद सोमवार को कर्फ्यू लगा दिया गया। प्रदर्शनकारी एक महिला को कथित तौर पर पुलिस द्वारा प्रताड़ित किए जाने का विरोध कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार बारामूला में गोलीबारी में चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले सुरक्षा बलों ने नारे लगाते प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी। भीड़ फिर से आ जुटी और पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कर्मियों पर पथराव करने लगी।
हालात बेकाबू होते देख सुरक्षा बलों ने गोलीबारी शुरु कर दी जिससे सलीम रशीद नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चारों घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर भेज दिया गया है।
युवक की मौत की खबर फैलते ही तनाव बढ़ने लगा। इसके चलते जिला प्रशासन ने पूरे कस्बे में कर्फ्यू लगा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications