नक्सलियों के कई ठिकानों पर सुरक्षा बलों का नियंत्रण
लालगढ़, 29 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के लालगढ़ और आसपास के इलाकों में जारी सुरक्षा बलों की कार्रवाई के 12वें दिन सोमवार को नक्सलियों के गढ़ कांतापहाड़ी पर भी नियंत्रण कर लिया गया और उनके कई अन्य ठिकानों को भी घेरे में ले लिया गया।
विगत 18 जून से सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल दो दिशाओं से आगे की ओर बढ़ रहे हैं। सुरक्षा बलों के एकदल ने लालगढ़ से आगे बढते हुए कांतापहाड़ी को नियंत्रण में ले लिया। सुरक्षा बलों का दूसरा दल रामगढ़ से बारापेली गांव की ओर बढ़ गया है।
उल्लेखनीय है कि बारापेली 'पीपुल्स कमिटी अगेंस्ट पुलिस एट्रोसिटीज' (पीसीएपीए) का गढ़ माना जाता है। इसी संगठन ने पिछले सात महीने से लालगढ़ को स्वतंत्र क्षेत्र घोषित कर रखा था।
पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) राज कनौजिया ने बताया, "सोमवार को नक्सली किसी भी तरह का प्रतिरोध करने में असफल रहे। सुरक्षा बलों के दो दल कांतापहाड़ी पहुंचे और उन्होंने वहां अपना आधार शिविर बना लिया।"
उधर, पीसीएपीए के प्रमुख छत्रधर महतो सहित सारे प्रमुख सदस्य भूमिगत हो गए हैं। पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications