निशंक ने संभाली उत्तराखंड में सत्ता की बागडोर (लीड-1)
निशंक के साथ आज तीन मंत्रियों मातबरिसिंह कंडारी, विशन सिंह चुफाल और मदन कौशिक ने भी पद व गोपनीयता की शपथ ली। तीनों मंत्री खंडूरी सरकार में भी मंत्री थे। सभी ने ईश्वर के नाम पर हिंदी में शपथ ली।
शपथ ग्रहण करने के बाद निशंक जब अभिवादन के लिए राज्यपाल की ओर बढ़े तो राज्यपाल ने उन्हें बधाई देने के लिए उनकी ओर अपना हाथ बढ़ाया लेकिन निशंक ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज, मुरली मनोहर जोशी, विजय गोयल और संगठन महामंत्री रामलाल सहित भाजपा के कई नेता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस मौके पर खंडूरी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि खंडूरी के खिलाफ पार्टी के कुछ नेताओं ने विद्रोह का बिगूल फूंक दिया था जिनका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी कर रहे थे। उनके दबाव में आकर पार्टी आलाकमान ने पिछले दिनों नई दिल्ली में पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई थी जिसमें निशंक को विधायक दल का नेता चुना गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications