जैक्सन की मौत से आहत हैं एलिजाबेथ टेलर
लंदन, 28 जून (आईएएनएस)। अपने जमाने की हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रही एलिजाबेथ टेलर पॉप स्टार माइकल जैक्सन के निधन से बहुत आहत हैं। जैक्सन के मौत की खबर मिलते ही वह असहाय होकर गिर पड़ी। उन्हें आपातकालीन चिकित्सा करानी पड़ी।
वेबसाइट हॉलीवुड डॉट कॉम के मुताबिक आहत टेलर ने एक बयान जारी कर कहा, "मेरा दिलों दिमाग काम नहीं कर रहा है। मैं दिल से माइकल को प्यार करती थी। उनके बगैर मैं अपनी जिंदगी की कल्पना नहीं कर सकती। हम दोनों में बहुत कुछ एक जैसा था और हम जब भी साथ होते तो खूब मस्ती किया करते थे।"
उन्होंने कहा, "जब मुझे उनके मौत की खबर मिली उस वक्त मैं उनसे लंदन में मिलने की तैयारियां कर रही थी। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि जैक्सन अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसा नहीं हो सकता।"
77 वर्षीय टेलर ने कहा, "वह मेरे दिल में हमेशा जीवित रहेंगे। उनके बगैर जीवन सूना हो गया है। वह बहुत याद आएंगे।"
उन्होंने कहा, "जैक्सन ने मुझे अपनी एक तस्वीर दी थी जिस पर लिखा था। 'मेरा सच्चा प्यार एलिजाबेथ। मैं ताउम्र तुम्हें प्यार करता रहूंगा।' मैं इस तस्वीर को देखकर उन्हें याद करती रहूंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications