बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए चार दिन की मोहलत : शीला (लीड-1)
एक सरकारी बयान में कहा गया कि राजधानी की बिजली कंपनियों, बीएसईएस और नार्थ दिल्ली पावर लिमिटेड (एनडीपीएल) को साफ शब्दों में चार दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति सुधारने को कहा गया है। बीएसईएस को मांग और आपूर्ति में अंतर को कम करने के लिए कहीं से भी किसी भी कीमत पर उपलब्ध बिजली को खरीदने के लिए भी कहा गया है।
दीक्षित के सरकारी आवास पर दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों और बीएसईएस के अधिकारियों की बैठक के बाद यह बयान जारी किया गया।
बयान के अनुसार बीएसईएस को बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए चार दिन की मोहलत दी गई है, अन्यथा सरकार कड़े कदम उठाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव राकेश मेहता,मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पी.के.त्रिपाठी,ऊर्जा सचिव राजेंद्र कुमार और बीएसईएस के अध्यक्ष ललित जालान और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण कंचन मौजूद थे।
बैठक के बाद दीक्षित ने कहा, "राहत के तौर पर अब हमें सेंट्रल पावर ग्रिड से 150 मेगावाट बिजली मिलेगी। इसके अलावा मंडोला बिजली स्टेशन से अब 300-325 मेगावाट बिजली मिल रही है। ऐसे में कुछ राहत मिलनी चाहिए।"
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दीक्षित से स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए तुरंत व प्रभावी कदम उठाने को कहा था।
मुख्यमंत्री ने बिजली कटौती और उसके आने के समय को स्थानीय टीवी चैनलों पर भी प्रसारित करने के निर्देश दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications