जैक्सन गुपचुप तरीके से नया एलबम रिकार्ड कर रहे थे : दीपक चोपड़ा
लंदन, 28 जून (आईएएनएस)। मशहूर चिकित्सक, लेखक और दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन के मित्र दीपक चोपड़ा का कहना है कि माइकल जैक्सन चुपचाप तरीके से एक नया एलबम रिकार्ड कर रहे थे।
वेबसाइट 'कांटैक्ट म्यूजिक डॉट कॉम' के मुताबिक जैक्सन के 20 साल पुराने मित्र चोपड़ा ने बताया कि हाल ही मुलाकात के दौरान जैक्सन ने उन्हें इस एलबम की रिकार्डिग के बारे में बताया था। जैक्सन की गुरुवार को मौत हो गई थी।
चोपड़ा ने कहा, "जैक्सन ने नए गाने के बारे में मुझे बताया था। मेरा मानना है कि मैं एकमात्र इंसान हूं जिसके पास जैक्सन का यह एलबम है। वह कुछ बड़ा करने की सोच रहे थे।"
उन्होंने बताया, "उन्होंने गाने की सीडी मुझे दी थी। वह प्लास्टिक और कपड़ों से कई परतों में लिपटी हुई थी। आप देखते तो सोचते कि उन्होंने मुझे सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (सीआईए) का कोई दस्तावेज दिया हो। मुझे उनके दिए इस पैकेट को खोलने में काफी समय लगा। उन्होंने मेरे साथ तीन सुरक्षाकर्मी भी भिजवाए थे।"
चोपड़ा ने कहा कि जैक्सन लंदन में होने वाले कमबैक कंसर्ट को लेकर उत्साहित थे लेकिन शारीरिक तौर पर इसके लिए फिट नहीं थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications