कराची मुठभेड़ में पाँच चरमपंथी ढेर

पाकिस्तानी पुलिस का कहना है कि कराची में हुई मुठभेड़ में तालेबान से जुड़े पाँच चरमपंथी मारे गए हैं. पुलिस का कहना है कि वे बैतुल्ला से जुड़े हुए थे. पुलिस प्रमुख वसीम अहमद का कहना था कि ये मुठभेड़ एक अपार्टमेंट में हुई. पुलिस प्रमुख वसीम अहमद ने रॉयटर समाचार एजेंसी को बताया,'' हमें सूचना मिली थी कि चरमपंथी शहर पर हमले की योजना बना रहे हैं.''
उनका कहना था कि उसके बाद उस स्थान की घेरेबंदी कर दी गई लेकिन चरमपंथियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें पाँच चरमपंथी मारे गए. पुलिस का कहना है कि दो लोगों की पहचान हो गई है और वे पाकिस्तान में तालेबान के प्रमुख नेता बैतुल्ला महसूद से जुड़े थे और हमले की योजना बना रहे थे.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना दक्षिणी वज़ीरिस्तान में बैतुल्ला महसूद के समर्थकों के ख़िलाफ़ अभियान छेड़े हुए है. साथ ही सेना स्वात घाटी में भी चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान चल रहा है. पहले से ही इस बात की आशंका व्यक्त की जा रही थी कि इन स्थानों से खदेड़े जाने के बाद चरमपंथी पाकिस्तान के शहरों को निशाना बना सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि बैतुल्ला महसूद पाकिस्तान के दक्षिणी वज़ीरिस्तान इलाक़े में तालेबान के प्रमुख नेता माने जाते हैं. जनवरी, 2007 में मैरियट होटल में हुए आत्मघाती हमले में उनके समर्थकों का हाथ होने का संदेह व्यक्त किया गया था. उनका नाम पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या से भी जोड़ा गया था. हालांकि उनका कहना था कि बेनज़ीर पर हुए हमले से उनका कोई लेना-देना नहीं था.
ख़बरों के अनुसार बैतुल्ला के पास लगभग 20 हज़ार तालेबान समर्थक लड़ाके हैं. ये इलाक़ा अल क़ायदा और तालेबान के लिए सुरक्षित पनाहगाह माना जाता है.


Click it and Unblock the Notifications