कांग्रेस को महाराष्ट्र में चुनाव अकेले लड़ने की सलाह
कांग्रेस के मुखपत्र 'कांग्रेस संदेश' के संपादक और कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य अनिल शास्त्री ने कहा है, "महाराष्ट्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा हिस्सा आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले मैदान में उतरना चाहता है। राकांपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं करना कांग्रेस के लिए बेहतर होगा। हमें इस संभावना को अनदेखा नहीं करना चाहिए।"
राकांपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन का विरोध करने वाले शास्त्री पहले नेता नहीं हैं।
इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और अब केंद्रीय भारी उद्योग और सार्वजनिक उपक्रम मंत्री विलासराव देशमुख ने भी कहा था कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश जैसी रणनीति अपनाना चाहिए और विधानसभा चुनाव अकेले लड़ना चाहिए।
शास्त्री ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की जोखिम उठाने की क्षमता की प्रशंसा की और कहा कि उत्तर प्रदेश में अकेले लड़ने के उनके निर्णय से भारी लाभ हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*