बिजली और पानी की किल्लत से आक्रोशित हुए दिल्लीवासी (लीड-1)
बिजली और पानी संकट के खिलाफ राजधानी दिल्ली में मयूर विहार, ओखला, राजेंद्र नगर, तिलक नगर और पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में कई स्थानों पर लोगों ने प्रदर्शन किया, ट्राफिक जाम कर दिया और बिजली कार्यालयों में घुसकर तोड़फोड़ किया। गुस्साई भीड़ ने शनिवार को ऊर्जा मंत्री ए. के. वालिया के घर के बाहर प्रदर्शन भी किया।
मध्य दिल्ली इलाके के राजेंद्र नगर में रहने वाले जसपाल राज ने कहा, "दो दिनों से न तो बिजली है और न ही पानी। कोई हमारी सुन नहीं रहा है। हमने कई शिकायतें की लेकिन सब व्यर्थ रहीं।"
एक पावर ग्रिड के काम न करने की वजह से पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली और बाहरी दिल्ली के इलाकों में शुक्रवार को छह से नौ घंटे बिजली गायब रही।
जामियानगर के निवासी परवेज अख्तर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जिंदगी नर्क हो गई है राजधानी में। पिछले 48 घंटों में हमें सिर्फ 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल पाई है। इनवर्टर काम करना बंद कर चुके हैं। आसपास के बच्चे गर्मियों से त्राहिमाम कर रहे हैं।"
अधिकारियों के मुताबिक बिजली संकट का कारण लोनी और पूर्वी दिल्ली के ग्रिडों में खराबी आना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications