नीलकेणी बने यूआईडीएआई के चेयरमैन

इस परियोजना के तहत हर भारतीय नागरिक को एक नंबर दिया जाएगा, यह ऐसा नंबर होगा जिससे उस व्यक्ति के बारे में सारी जानकारी जुड़ी होगी।
इससे पहले नीलकेणी ने इंफोसिस के बोर्ड की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूचना प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इस नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूआईडीएआई के चेयरमैन को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। सोनी ने बताया कि यह प्राधिकरण केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही कई लाभकारी योजनाओं से लोगो को हो रहे फ़ायदे की समीक्षा करेगा।
इनमे सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी योजना और भारत निर्माण जैसी योजनाएं शामिल होंगी। यूआईडी प्राधिकरण इन योजनाओं में किसी भी तरह की कमी को पूरा करेगा और साथ में इन योजनाओ में लगाए जा रहे पैसे का सही तरीके से इस्तेमाल होने की भी देख रेख करेगा।
नीलकेणी आईटी कंपनी इंफोसिस के सह-संस्थापक हैं। उन्होंने 28 वर्ष पहले एनआर नारायणमूर्ति के साथ मिलकर इस कंपनी की स्थापना की थी।


Click it and Unblock the Notifications