मुंबई: बारिश से रेल, विमान सेवाएं बाधित

उड़ानें व ट्रेने लेट हुईं
मौसम वैज्ञानिकों ने करीब एक महीने पहले ही इस साल मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी थी। इस चेतावनी के बाद लोग कितने सतर्क हुए, यह तो वक्त बतायेगा, लेकिन बारिश ने लोगों को पहले ही दिन से बेहाल करना शुरू कर दिया है। चिलचिलाती गर्मी से राहत देने के साथ-साथ मुंबई की बारिश ने पहले ही दिन सड़क यातायात, रेल व विमान सेवाएं प्रभावित कर दीं।
मुंबई व आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण विमानों के उड़ान भरने में 25 से 30 मिनट तक की देरी हुई जबकि उपनगरीय ट्रेनें निर्धारित समय से 15 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। पूरे शहर में सड़कों पर जगह-जगह जबर्दस्त जाम की स्थित बनी हुई है।
बीएमसी की पोल खुली
पूरी रात हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव ने बीएमसी के इंतजामों की पोल भी खोल दी। इस कारण सुबह लोगों को अपने दफ्तर पहुंचने में भी परेशानी हुई। पश्चिम मुंबई के अंधेरी, मलाड, सांताक्रूज, दहीसार और पूर्वी मुंबई के कुर्ला, सियोन, घाटकोपर इलाकों में जबरदस्त जलभराव हुआ है।
गुरुवार शाम को ही आसमान में घने बादल छाने के बाद दक्षिणी मुंबई में 15.6 मिलीमीटर बारिश हुई। पिछली रात बारिश में तेजी आई और शहर के करीब सभी इलाकों में जबरदस्त बारिश हुई। मुंबई मौसम विभाग के मुताबिक शहर में 42.6 मिलीमीटर और उपनगरीय इलाकों में 28.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications