अमेरिकी सेना के हटने से इराक में बढ़ सकती है हिंसा
पेंटागन के प्रवक्ता ज्योफ मोरेल ने पत्रकारों से चर्चा में बुधवार को कहा, "30 जून से पहले इराक के प्रमुख शहरों से सेना हटाए जाने और वहां होने वाले चुनावों के मद्देनजर हिंसा फैलने की पूरी संभावना है।"
उन्होंने कहा, "इन संभावनाओं के मद्देनजर हमने अपने सुरक्षा बलों को ताकीद कर दी है।"
उल्लेखनीय है कि हाल ही में इराक में दो बड़े बम धमाके हुए हैं। राजधानी बगदाद के एक बाजार में बुधवार को हुए धमाके में कम से कम 62 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से अधिक घायल हुए थे जबकि शनिवार को किरकुक में हुए धमाके में 65 लोगों की मौत हुई थी।
पिछले साल तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश और इराकी प्रधानमंत्री नौरी अल मलिकी के बीच हुए एक समझौते में इराक के प्रमुख शहरों से धीरे-धीरे अमेरिकी सेना को हटाए जाने पर सहमति बनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications