बिजली-पानी संकट: शीला ने दी कठिन दिनों की चेतावनी
दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा,"हम लोगों से पानी और बिजली का संरक्षण करने को कह रहे हैं। मैं सभी लोगों को चेतावनी देती हूं कि यदि आने वाले दिनों में दिल्ली में बारिश नहीं हुई तो आने वाले दिन कठिन हैं।"
दिल्ली में गुरुवार को बिजली की मांग और उपलब्धता में 378 मेगावॉट का अंतर रहा। जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह अंतर 5,000 मेगावॉट है।
बिजली और पानी की कमी के बढ़ने से चिंतित मुख्यमंत्री ने बिजली पर सोमवार को और पानी पर मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
राजधानी में बिजली और पानी की कमी के मुद्दे पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने लगातार दूसरे दिन भी विधानसभा से बहिर्गमन किया। इस समय विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है।
दीक्षित ने विधानसभा में कहा,"स्थिति बहुत गंभीर है और हम मांग पूरी करने में सक्षम नहीं है। आपसे कुछ भी छुपा नहीं है।"
बिजली और पानी की कमी से परेशान राजधानी के कई हिस्सों में लोगों ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications