भारत में आईसीएफजे का नया मीडिया संस्थान
'नाइट फाउंडेशन' और 'मैकऑर्थर फाउंडेशन' के सहयोग से खुल रहा आईसीएफजे का यह मीडिया संस्थान दिल्ली से सटे नोएडा में खुलेगा। इस संस्थान का नाम 'इंटरनेशनल मीडिया इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया' (डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट आईएमआईआई डॉट को डॉ इन) होगा।
इस संस्थान में पत्रकारिता में एक वर्ष का स्नातकोत्तर डिप्लोमा दिया जाएगा। आईसीएफजे ने एक बयान में कहा, "यहां कक्षा एक समाचार कक्ष की तरह होगी जहां छात्र लगातार रिपोर्टिग और लेख प्रकाशित कराने का हुनर सीखेंगे। अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शिक्षक यहां छात्रों को प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रानिक मीडिया की बेहतरीन शिक्षा देंगे।"
'सिटी यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयार्क' का 'ग्रेजुएट स्कूल ऑफ जर्नलिज्म' इस संस्थान के पाठ्यक्रम में सहयोग कर रहा है। इस संस्थान में 'सोसायटी फॉर पॉलिसी स्टडीज' (एसपीएस) आईसीएफजे का स्थानीय साझेदार है।
आईसीएफजे अध्यक्ष जॉयस ब्रानाथन ने कहा, "यह नया कार्यक्रम पूरी तरह पेशेवर और व्यावहारिक है। यह गुणवत्ता वाले संवाददाताओं और संपादकों को तैयार करने का काम करेगा जो मीडिया के आधुनिक तकनीकों के साथ काम करने में पूरी तरह सक्षम होंगे।"
एसपीएस के अध्यक्ष और भारत की प्रमुख स्वतंत्र समाचार एजेंसी 'इंडो-एशियन न्यूज सर्विस' (आईएएनएस) के प्रधान संपादक तरुण बासु ने कहा, "आज हमें प्रशिक्षित और नैतिकता वाले पत्रकारों की आवश्यकता है जो कठोर मानदंडों पर खरा उतर सकें और जनता भी इस पेशे को लेकर यही उम्मीद करती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications