विश्व बैंक से मध्य प्रदेश को मिलेगा 10 करोड़ डॉलर का कर्ज
विश्व बैंक की ऋण देने वाली शाखा इंटरनेशनल डेवलपमेंट एसोसिएशन (आईडीए) ने बुधवार को कहा कि ऋण की मियाद 35 वर्ष की होगी और शुरुआती 10 वर्ष तक इस पर कोई ब्याज नहीं लगेगा। ब्याज की दर 0.75 फीसदी होगी।
स्वसहायता समूहों और क्लस्टर स्तर के संगठनों की सहायता से गरीबों को सशक्त करने के लिए दूसरे मध्य प्रदेश जिला गरीबी उन्मूलन परियोजना के तहत यह राशि मंजूर की गई है। इससे गरीबों की जीवनशैली सुधारने और उनके व्यापारिक कार्यो को मजबूती देने के मामले में स्वसहायता समूहों की क्षमताओं में वृद्धि की जा सकेगी।
यह परियोजना कमोबेश ऐसी ही है जिसे विश्व बैंक ने वर्ष 2000 में मंजूरी दी थी। इसके तहत राज्य के 14 जिलों के 2900 गांवों में गरीबी उन्मूलन के कार्य हुए थे। इससे 325,000 ग्रामीण गरीबों को फायदा पहुंचा था।
विश्व बैंक में भारत मामलों के निदेशक रोबटरे झागा ने कहा, "इस परियोजना ने बहुत ही प्रभावी परिणाम दिए थे। हमने पाया कि ग्रामीणों की वार्षिक आय में बढ़ोत्तरी हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications