बुर्का पर पाबंदी लगाने की ओर फ्रांस

फ्रांस के राष्ट्रपति सरकोजी ने बुर्का को गुलामी का प्रतीक बताते हुए कहा कि बुर्का संस्कृति का फ्रांस में स्वागत नहीं किया जाएगा। इस पर मुस्लिम नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। सभी ने इसका विरोध किया लेकिन फ्रांस सरकार ने बुर्का संस्कृति पर रोक लगाने के लिए तरीके ढूंढने शुरू कर दिये हैं।
छह माह में रिपोर्ट देगा आयोग
फ्रांसीसी संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली ने एक आयोग का गठन किया है, जो देश में बुर्का के इस्तेमाल रोकने के तरीकों पर विचार करेगी। इससे यह साफ हो गया है कि फ्रांस अब बुर्का को बर्दाश्त नहीं करेगा। बहुदलीय समिति में ज्यादातर सांसद सरकोजी की दक्षिण पंथी यूएमपी पार्टी के हैं। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष ने बताया कि 32 सांसदों का पैनल छह माह तक बुर्का से जुड़े तथ्यों के अध्ययन के बाद रिपोर्ट देगा।
गौरतलब है कि सोमवार को फ्रांसीसी संसद के विशेष सत्र में सरकोजी ने कहा था कि बुर्का संस्कृति का फ्रांस में स्वागत नहीं है। ये कोई धार्मिक प्रतीक नहीं है, बल्कि महिलाओं को नीचा दिखाने का प्रयास है। सरकोजी के इस बयान के विरोध में मुस्लिम नेताओं का कहना है कि किसी महिला पर बुर्का पहनने का दबाव नहीं डाला जा सकता। लेकिन वह खुद इसे पहनना चाहे तो उनकी इच्छा का सम्मान होना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications