राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर दुर्घटना मामले में रिपोर्ट सौंपी गई
नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के हेलीकॉप्टर दुर्घटना मामले की अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। मुंबई हवाई अड्डे पर 9 फरवरी को पाटिल को ले जा रहा हेलीकॉप्टर, एयर इंडिया के एक विमान से टकराते-टकराते बच गया था।
मामले की जांच करने वाले डीजीसीए के महानिदेशक एस.एन.ए.जैदी ने अपनी रिपोर्ट नागरिक उड्डयन सचिव एम. माधवन नांबियार को सौंप दी।
यद्यपि जांच के परिणामों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन विभागीय सूत्रों ने कहा है कि रिपोर्ट में 20 सुझाव दिए गए हैं।
रिपोर्ट में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की उस मांग को शामिल नहीं किया गया है, जिसमें कहा गया था कि अति विशिष्ट व्यक्तियों, खासतौर से राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री की उड़ान के 10 मिनट पहले वायु क्षेत्र को बंद कर देना चाहिए।
ये सुझाव आमतौर पर एयर ट्रैफिक प्रक्रियाओं और विभिन्न एंजेंसियों, खासतौर से आईएएफ और भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के बीच समन्वय स्थापित करने से संबंधित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications