ईरान में हिंसा पर अमेरिका का हाथ होने के आरोपों पर भड़के ओबामा
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में ओबामा ने कहा, "ईरान का यह कहना है कि वहां हो रहे चुनाव विरोधी प्रदर्शनों में हमारे प्रशासन का हाथ है, बिल्कुल असत्य और बकवास है। हम पर आरोप लगाकर ईरानी अधिकारी चुनाव की वैधता को लेकर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "ईरानी जनता भविष्य को लेकर बहस करने की कोशिश कर रही हैं। सरकार के कुछ लोग हम पर आरोप लगाकर इस बहस से भागने का प्रयास कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "अन्य देशों को बलि का बकरा बनाने के लिए पुराने तनाव को फिर से जिंदा करने की ईरान की उबाऊ रणनीति अब नहीं चलने वाली है।"
ओबामा ने कंजरवेटिव रिपब्लिकन के उन आरोपों को भी खारिज किया कि ईरान में जारी हिंसा पर वह डर-सहम कर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 जून को राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम आने के बाद ईरान में हिंसा फैल गई थी। विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद पर चुनावों में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications