उ.प्र. में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या (लीड-1)
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने दोपहर बाद घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि बहुत जल्द हत्या में शामिल तत्व पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पुलिस के मुताबिक जिले के सांडी कस्बे में बुधवार सुबह को दलित परिवार की नंदा देवी (60 वर्ष), उनकी पुत्री बबिता (32 वर्ष) और पोती गुंजा (7 वर्ष) और पोते गोलू (5 वर्ष) की हत्या की सूचना मिली। सभी की हत्या कपड़े से गला बांधकर की गई।
पुलिस अधीक्षक नवनीत राणा ने आईएएनएस को बताया कि ये हत्याएं किसने और किस मकसद से की, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। मौके से किसी भी तरह की लूटपाट नहीं हुई है, इससे स्पष्ट है कि हत्या लूट के मकसद से नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि विजय प्रताप नाम का एक युवक पिछले दो साल से मृतकों के घर में किराये पर रहता था, जो घटना के बाद से फरार है। जानकारी करने पर पता चला कि वह मृतक बबीता के पति के तौर पर रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार रात उसका बबीता और घर की मालकिन नंदा देवी से झगड़ा हुआ था।
राणा ने कहा कि संभवत: विजय प्रताप ने ही किसी कारणवश इन हत्याओं को अंजाम दिया है।
राणा ने कहा कि फरार विजय प्रताप के बारे में जानकारी में पता चला कि वह जिले के बिलग्राम का रहने वाला है। फिलहाल वह फरार है और उसे पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications