पाकिस्तान ने स्वात को तालिबान मुक्त होने का दावा किया
गृह मंत्री रहमान मलिक ने नेशनल एसेंबली में बुधवार को कहा कि उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के तहत आने वाले मालकंद और स्वात इलाके तालिबान मुक्त हो चुके हैं और अब तक 1,592 आतंकी मारे जा चुके हैं।
मलिक ने कहा कि मालकंद डिविजन में अधोसंरचना का कार्य भी तेजी के साथ चल रहा है।
मलिक द्वारा प्रस्तुत मृत आतंकियों की संख्या सेना द्वारा प्रस्तुत आंकड़े से मेल नहीं खाती।
इंटर-सर्विसिस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने सोमवार को 1,592 आतंकियों के मारे जाने की सूची जारी की थी। इसके अलावा बुधवार तक पिछले 24 घंटों के दौरान सेना ने सात अतिरिक्त आतंकियों को मार गिराया। इसे जोड़ने पर मृत आतंकियों का आंकड़ा 1,599 पहुंच जाता है।
हालांकि सोमवार को आईएसपीआर ने भी कहा था कि उत्तर पश्चिम के अशांत इलाके में सैन्य कार्रवाई अपने अंतिम चरण में है। मंगलवार को भी आईएसपीआर की ओर से यह बात दोहराई गई थी। लेकिन बुधवार के बयान में इस बात का जिक्र नहीं था। इससे साफ संकेत है कि सैन्य कार्रवाई को समाप्त होने में अभी वक्त लगेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications