बलात्कार और हत्या के दोषियों को दंड मिलने तक संघर्ष करेंगे मीरवाइज
हुर्रियत कांफ्रेंस के एक धड़े के प्रमुख मीरवाइज ने दक्षिणी कश्मीर के शोपियां कस्बे का दौरा किया, जहां 30 मई को दो महिलाओं की हत्या के बाद पिछले 24 दिन से जनजीवन ठहरा हुआ है।
अलगाववादी नेता ने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। मीरवाइज करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ कस्बे में पहुंचे जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
कस्बे की स्थानीय आंदोलन समिति ने अपराधियों को दंड दिलाने के लिए मीरवाइज से अधिक सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
मीरवाइज ने कहा कि वह विभिन्न अलगाववादी नेताओं की एक बैठक शीघ्र ही आयोजित करेंगे, जिसमें अधिकारियों पर दोषियों की पहचान और उन्हें दंडित करने का दबाव बढ़ाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
घटना की न्यायिक जांच के लिए नियुक्त उच्च न्यायालय के एक अवकाश प्राप्त न्यायाधीश ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट पहले ही सरकार को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने जिला पुलिस प्रमुख, उपप्रमुख, दो कनिष्ठ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय फोरेंसिक प्रयोगशाला के एक वैज्ञानिक को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इंडो-एशिय न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications