उच्च शिक्षा की सर्वोच्च संस्था का गठन जल्दी ही : सिब्बल
सिब्बल ने संवाददाताओं से कहा कि उच्च शिक्षा और शोध का राष्ट्रीय आयोग जिसके अंतर्गत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी),भारतीय चिकित्सा परिषद और एआईसीटीई सहित वर्तमान समय में कार्यरत पेशेवर परिषदें और नियामक एजेंसियां आएंगी, का गठन नई सरकार के 100 दिनों के भीतर संभव है।
देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार द्वारा प्रसिद्ध शिक्षाविद यशपाल की अध्यक्षता में नियुक्त समिति की सिफारिशों में नए शिक्षा आयोग का गठन सबसे महत्वपूर्ण है।
सिब्बल ने कहा कि सरकार 100 दिन के भीतर यशपाल समिति की सिफारिशों पर अमल को सुनिश्चित करेगी। यशपाल समिति की रिपोर्ट की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह भविष्य में देश के शिक्षा क्षेत्र का रोडमैप है।
यशपाल समिति की रिपोर्ट में कहा गया है कि यूजीसी,एआईसीटीई जैसी संस्थाओं के बजाए विश्वविद्यालयों को आत्म नियामक बनाया जाना चाहिए।
समिति ने इस वर्ष मार्च में अंतरिम रिपोर्ट पेश की थी। देश में उच्च शिक्षा की विभिन्न एजेंसियों की कार्य प्रणाली का अध्ययन करने और उच्च शिक्षा के ढांचे में सुधार के उपायों को सुझाने के लिए फरवरी 2008 में समिति का गठन किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications